ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान: विराट-रोहित की वापसी, गिल होंगे वनडे के नए कप्तान!

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक नए युग का आगाज हो गया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर से शुरू हो रही महत्वपूर्ण वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया गया है और इसमें सबसे बड़ी खबर है शुभमन गिल को वनडे टीम का नया कप्तान बनाना। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की टीम में वापसी तो हुई है लेकिन अब वे गिल की कप्तानी में खेलेंगे। श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है.

पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने यह बड़े फैसले अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली शानदार जीत के बाद लिए। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के बाद से यह पहली बार होगा जब कोहली और रोहित अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में मैदान पर उतरेंगे.

चैंपियंस ट्रॉफी वाली टीम से 5 बड़े बदलाव

मार्च में यूएई में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम से इस बार 5 खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है. स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को टीम में जगह नहीं मिली है जबकि हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत अभी भी अपनी-अपनी चोटों से पूरी तरह उबरे नहीं हैं। वहीं टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है.

इनकी जगह टीम में युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है.

जडेजा बाहर क्यों? अगरकर ने खोला राज

जब अगरकर से रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर सवाल किया गया तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों का हवाला दिया. उन्होंने कहा

“देखिए, इस समय ऑस्ट्रेलिया में दो बाएं हाथ के स्पिनरों को ले जाना संभव नहीं है.जड्डू निश्चित रूप से हमारी योजनाओं का हिस्सा हैं, लेकिन टीम में जगह के लिए प्रतिस्पर्धा है. चैंपियंस ट्रॉफी में यूएई के हालात को देखते हुए हमने अतिरिक्त स्पिनर रखे थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया में हमें एक ही स्पिनर से काम चलाना होगा ताकि टीम में संतुलन बना रहे.”

बुमराह को आराम पर टी20 में संभालेंगे मोर्चा

अगरकर ने साफ किया कि जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेज करना प्राथमिकता है. उन्होंने कहा

“हमने उन्हें वनडे सीरीज के लिए आराम दिया है. हम सब जानते हैं कि वह कितने महत्वपूर्ण हैं, लेकिन हमें टीम के हित में भी सोचना होगा। सिर्फ वही नहीं, सिराज भी बहुत गेंदबाजी करते हैं. हम सभी तेज गेंदबाजों को संभालकर इस्तेमाल करेंगे ताकि चोटों का खतरा कम हो.”

हालांकि बुमराह वनडे के बाद होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे.

चयनकर्ताओं ने संजू सैमसन के ऊपर ध्रुव जुरेल को क्यों चुना?

विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन की जगह ध्रुव जुरेल को चुनने के फैसले ने कई लोगों को चौंकाया. इस पर अगरकर ने बल्लेबाजी क्रम का तर्क दिया। उन्होंने कहा

संजू आम तौर पर शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि जुरेल निचले क्रम में बेहतरीन फिनिशर हैं. केएल राहुल भी मध्यक्रम में खेलते हैं. हमारे पास शीर्ष क्रम में जगह नहीं है, इसलिए हम उन खिलाड़ियों को देख रहे हैं जो मध्य या निचले क्रम में फिट हो सकें. यही वजह है कि जुरेल को मौका दिया गया है.”

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीमें:

वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल.

टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर.

Scroll to Top